रविवार, अगस्त 14, 2011

SHAMMI KAPOOR passes away!


अपनी खास ‘याहू’ शैली के कारण बेहद लोकप्रिय रहे हिंदी फिल्मों के पहले सिंगिंग-डांसिग स्टार शम्मी कपूर का आज तड़के मुंबई में देहांत हो गया। बॉलीवुड के सुपरस्‍टार अमिताभ बच्‍चन ने माइक्रो ब्‍लॉगिंग साइट 'ट्विटर' के जरिये यह जानकारी दी है। अमिताभ ने शोक जताते हुए कहा है कि शम्‍मी कपूर जी का आज तड़के 5-15 बजे देहांत हो गया है।
79 साल के शम्‍मी कपूर को बीते रविवार को ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। वह गुर्दे संबंधी बीमारी से पीडित थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वह शनिवार तक वेंटिलेटर पर थे। तड़के पांच बजकर 15 मिनट पर उन्‍होंने ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में आखिरी सांस ली। बॉलीवुड अभिनेत्री जया बच्‍चन शम्‍मी कपूर के देहांत की जानकारी मिलते ही अस्‍पताल गईं।
शम्‍मी कपूर के देहांत की खबर मिलते ही समूचा बॉलीवुड शोक की लहर में डूब गया है। फिल्‍म इंडस्‍ट्री के कई सितारे ब्रीच कैंडी अस्‍पताल पहुंचने लगे हैं।
शम्‍मी कपूर का असली नाम शमशेर राज कपूर था। उन्‍होंने अभिनय की शुरुआत पृथ्वी थियेटर से की। उनकी पहली फिल्म 'जीवन ज्योति' थी। हर अच्छे अभिनेता की तरह उन्हें भी शुरू में रेल का डिब्बा, लैला मजनू, ठोकर, शमा, परवाना, हम सब चोर हैं जैसी कई असफल फिल्मों के दौर से गुजरना पड़ा। कपूर को सफलता का स्वाद 1957 में मिला जब उनकी फिल्म 'तुमसा नहीं देखा' को दर्शकों ने सराहा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें