गुरुवार, जुलाई 01, 2010

ओनर किलिंग अब रूपहले परदे पर


पश्चिम उत्तरप्रदेश व हरियाणा में अभिशाप बनकर उभरी समस्या ओनर किलिंग अब जल्द ही रूपहले परदे पर नज़र आने वाला है। पेशे से चिकित्सक डॉक्टर अनुराग विश्नोई ने इस अभिशाप का सच आम लोगो को बताने का निर्णय लिया है। अपनी फिल्म निर्माण कंपनी अनुश्री मिडिया के बैनर तले उन्होंने परंपरा - ओनर किलिंग नाम की फिल्म बनाने की घोषणा की है। मूलतः पश्चिमी उत्तरप्रदेश के धामपुर निवासी डॉक्टर विश्नोई ने इस फिल्म के लिए भोजपुरी के चर्चित निर्देशक बोबी सिंह को निर्देशन की कमान सौपी है। बोबी सिंह के अनुसार परंपरा की कथा खुद डॉक्टर विश्नोई ने लिखी है। फिल्म के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा की डॉक्टर विश्नोई लम्बे अरसे से इस विषय पर रिसर्च कर रहे थे। इज्जत के नाम पर अपनों की हत्या को किसी हद तक जायज़ नहीं ठहराया जा सकता है। लोग इज्जत के नाम पर अपना खून तो बहा देते हैं लेकिन जब इज्ज़त का नशा उतरता है तो सिवाए पछताने के कुछ भी नहीं रहता है। उल्लेखनीय है की बोबी सिंह भोजपुरी में मंगलसूत्र, दामाद जी सहित लगभग आधा दर्ज़न सुपर हिट भोजपुरी फिल्मो का निर्माण कर चुके हैं। यही नहीं उन्होंने अपनी फिल्म गोबर सिंह में कांग्रेसी नेता कृपा शंकर सिंह को भी बतौर अभिनेता उतारा है। बोबी सिंह ने निर्देशन के साथ साथ अभिनय के क्षेत्र में भी कदम रख दिया है और उनकी फिल्म करेंट मारे गोरिया की शूटिंग शुरू हो चुकी है। बोबी सिंह के अनुसार किरदारों का चयन इसी माह कर जल्द ही शूटिंग शुरू कर दी जायेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें